खटीमा। बहुजन समाज पार्टी ने पालिका चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बसपा ने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान नव निर्वाचित व्यापार मंडल के महामंत्री अमन अरोड़ा ने सैकड़ों सदस्यों के साथ बसपा की सदस्यता ग्रहण कर बसपा से पालिकाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी ठोक दी।
जगदंबा के सभागार में आयोजित बसपा की बैठक में प्रदेश सचिव भीष्म नारायण विद्रोही ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। कहा कि अध्यक्ष पद से लेकर सभासद पद तक प्रत्याशी उनके संपर्क में हैं। पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। इस दौरान व्यापार मंडल महामंत्री अरोड़ा को प्रदेश सचिव विद्रोही ने सदस्यता ग्रहण कराई।
पार्टी के लोकसभा प्रभारी रमेश राणा ने कहा कि अरोड़ा ने सैकड़ों सदस्यों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसकी आधिकारिक घोषणा प्रदेश प्रभारी रामअचल राजभर के समक्ष भव्य कार्यक्रम में की जाएगी। इस दौरान वक्ताओं ने पालिका चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरविंद कुमार ने की इस अवसर पर अमरजीत सिंह, कामिल खान, मुर्तजा अली, विजय गुप्ता, हपीज रहमान, हरमीक सिंह गिल, मो. अख्तर, जावेद, मो. अहमद कसगर, फईम, रामबाबू, रवि वर्मा आदि थे।