गरुड़ (बागेश्वर)। भारत माला परियोजना के तहत बनने वाली सड़कों से बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों की वर्षों पुरानी सड़कों की तस्वीर एकदम बदल जाएगी। मार्गों के निर्माण के बाद कम समय में जल्दी सफर होगा। भाजपा की मंडल इकाई ने सड़कों की स्वीकृति दिलाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा का आभार जताया है।
विधायक चंदन दास ने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में 570 किमी लंबे मोटर मार्गों का निर्माण होना है। सड़कों के निर्माण के बाद कम समय में जल्दी सफर होगा। भाजपा के मंडल अध्यक्ष मंगल राणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत बैजनाथ-थराली-कर्णप्रयाग, अस्कोट -धारचूला-मालपा-लिपुलेख, बैजनाथ-बागेश्वर-कपकोट-मुन्स्यारी-सेराघाट-जौलजीवी सड़क के निर्माण की सरकार ने स्वीकृति दे दी है।
वक्ताओं ने भारतमाला परियोजना के तहत सड़कों की स्वीकृति दिलाने के लिए केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा का आभार जताया है। बैठक में जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट, सांसद प्रतिनिधि घनश्याम जोशी, भुवन जोशी, डीके जोशी, राजेंद्र प्रसाद, इंद्र बिष्ट, चंदू बोरा, हेम रावत आदि ने विचार रखे।