भीमताल (नैनीताल)। पहाड़ पर लोगों को सुविधाओं की कमी से किस कदर जूझना पड़ रहा है, इसकी बानगी बृहस्पतिवार को उस समय देखने को मिली जब विधायक की बीमार मां को डोली पर बैठाकर ग्रामीण कई किमी पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाए। यहां से उन्हें हल्द्वानी के अस्पताल ले जाया गया।
ओखलकांडा के कैड़ा गांव में विधायक राम सिंह कैड़ा की मां रेवती देवी की बृहस्पतिवार को तबियत खराब हो गई थी। गांव और आसपास न स्वास्थ्य सुविधा है और न ही सड़क। इस पर ग्रामीण उन्हें डोली पर बैठा लाए। विधायक कैड़ा ने बताया कि उनकी मां गांव में ही रहना पसंद करतीं हैं। बृहस्पतिवार को मां के पैर में दर्द हो गया था। अब तबियत ठीक हैं। कैड़ा ने कहा कि कैड़ा गांव में मार्ग की स्वीकृति शासन से करा दी है। मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। ओखलकांडा, धारी, भीमताल, रामगढ़ के अस्पतालों की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए वह प्रयासरत हैं। सरकार अगर पहाड़ पर ध्यान दे तो मोटर मार्ग, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा का स्तर, पेयजल, विद्युत समस्या को दूर किया जा सकता है।
वहीं ग्रामीणों ने कहा कि जब विधायक की मां को डोली पर बैठाकर लाया जा रहा है तो आम आदमी को बीमार होने पर कैसे लाया जाता होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने इसके लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि आज भी ओखलकांडा के कई गांवों के ग्रामीण बिना मोटर मार्गों के कई किमी पैदल चलने को मजबूर हैं। बीमार होने पर उन्हें डोली, चारपाई और कंधों पर बैठाकर लाना पड़ता है। ग्रामीणों का यह भी आरोप था कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में रहे कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने अपना विकास तो किया, लेकिन पहाड़ की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, इसका खामियाजा स्थानीय जनता को उठाना पड़ रहा है।
विधायक की बीमार मां को डोली पर रखकर सड़क तक लाना पड़ा
ओखलकांडा के कैड़ा गांव में स्वास्थ्य और सड़क की समस्या की तस्वीर सामने आई