हल्द्वानी। आगामी 21 फरवरी से चार अप्रैल तक होने वाली सीबीएसई की परीक्षाओं के लिए जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 12वीं के 5,743, 10वीं के 6,734 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारी शुरू हो गई है।
बृहस्पतिवार को यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी विद्यालयों के केंद्रीय व्यवस्थापकों की बैठक हुई। सीबीएसई की सिटी कोआर्डिनेटर एवं यूनिवर्सल की प्रधानाचार्या मंजू जोशी ने कहा कि परीक्षा केंद्र में नियुक्त केंद्रीय व्यवस्थापक, उपव्यवस्थापक समेत किसी भी परीक्षार्थी के मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर ले जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों में सुबह नौ बजे से प्रवेश दिया जाएगा। सभी विद्यार्थी अपने विद्यालय की यूनिफार्म, परिचयपत्र, प्रवेशपत्र अपने साथ लाएंगे। प्रवेशपत्र पर अभिभावक के हस्ताक्षर होना भी आवश्यक है, परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में लेखन सामग्री के अतिरिक्त कुछ नहीं ले जा सकेंगे। परीक्षा में केवल पेन का ही प्रयोग किया जाएगा, लेखन सामग्री केवल पारदर्शी पेंसिल बैग में ही रखे जाएंगे।
सीबीएसई : 23 केंद्रों पर 12,477 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर रहेगी रोक
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की होगी तैनाती
हल्द्वानी। सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर मंजू जोशी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस फोर्स तैनात किए जाने के लिए एसएसपी को भी पत्र भेजा गया है।
परीक्षा केंद्रों पर रहेगी बोर्ड की नजर
हल्द्वानी। सीबीएसई ने परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए बोर्ड स्तर से ऑब्जर्वर तैनात किए हैं। इनके नाम भी गोपनीय रखे जाएंगे। ये ऑब्जर्वर अचानक किसी भी परीक्षा केंद्र को चेक कर सकते हैं। परीक्षा केंद्र में गड़बड़ी मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई होगी।