नैनीताल। बिहार में चलाए जा रहे सुपर-30 की तर्ज पर ही उत्तराखंड में भी सुपर-30 और सुपर 100 चलाए जाने की योजना है। इसका लाभ गरीब और मेधावी बच्चों कोे मिलेगा। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पत्रकार वार्ता में कही।
डॉ. रावत ने कहा कि 2017 में देहरादून में सुपर 30 योजना के तहत कोचिंग योजना चलाई गई। इसमें परीक्षा के बाद चयनित 30 बच्चों को सरकार ने मुफ्त कोचिंग दी। कोचिंग के बाद 30 में से 28 बच्चे देश के विभिन्न आईआईटी कॉलेजों में प्रशिक्षण ले रहे हैं। डॉ. रावत के मुताबिक सरकार सुपर- 100 संचालित करने की योजना बना रही है। इसके तहत 50-50 विद्यार्थियों को अल्मोड़ा और श्रीनगर में कोचिंग दी जाएगी। इसके अंतर्गत वे गरीब प्रतिभावान बच्चे भाग लेंगे जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय दो लाख रुपये है। इसके लिए गेल कंपनी पांच करोड़ रुपये की मदद करेगी।
हर जिले में स्थापित होगा आदर्श महाविद्यालय
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि देश के शीर्ष 100 कॉलेजों में उत्तराखंड का एक भी विश्वविद्यालय और कॉलेज नहीं है। इसके चलते सरकार प्रत्येक जिले में एक-एक आदर्श कालेज स्थापित करने की योजना बना रही है। 13 जिलों में 13 आदर्श कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
सिविल सेवाओं के लिए कोचिंग करवाएगी सरकार
उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार आईएएस और पीसीएस तैयार करने की योजना बना रही है। इसके तहत जिला मुख्यालयों मे टॉपरों को आईएएस और पीसीएस की कोचिंग दी जाएगी। इसके तहत एक जिला मुख्यालय में 20 विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। प्रदेश में एक बार में 13 जिला मुख्यालयों में 260 बच्चों को मुफ्त कोचिंग कराई जाएगी। प्रदेश सरकार की 20 से 25 आईएएस तैयार करने की योजना है। इनका भी पूरा खर्चा प्रदेश सरकार उठाएगी।