रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) प्रथम, द्वितीय 15 दिसंबर को होगी। इसके लिए मिले 63 हजार से अधिक आवेदन पत्रों में से चार हजार आवेदकों ने गलत फार्म भरे हैं। वह परीक्षा केंद्र में अपने आवेदन पत्र दिखाकर गलती सुधार सकता है। इस बार यूटीईटी के प्रवेश पत्र डाक से नहीं मिलेंगे। आवेदकों को बोर्ड की वेबसाइट से ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करने होंगे
बोर्ड मुख्यालय में इन दिनों यूटीईटी के फार्मों की जांच की जा रही है। चार हजार से अधिक आवेदकों ने गलती की है जबकि 4500 फार्मों पर फोटो ही नहीं लगे हैं। बोर्ड के सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि अधिक त्रुटियां होने के कारण आवेदकों को गलतियां सुधारने का एक मौका दिया जा रहा है, जिन आवेदकों के फार्म में त्रुटियां हैं, उनकी सूची उत्तराखंड बोर्ड की वेबसाइट पर डाली जा रही है। उनको औपबंधिक प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा, उन्हें परीक्षा कक्ष में अपनी गलतियों को सुधारने के लिए आवेदन पत्र दिखाना होगा। अगर वह गलतियां नहीं सुधारेंगे तो उन्हें परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा। इस बार डाक से प्रवेश पत्र नहीं भेजे जाएंगे। परीक्षार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट से प्रवेश पत्र निकालने होंगे। सिमल्टी ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस वर्ष करीब नौ हजार परीक्षार्थी अधिक हैं। पिछली बार 54 हजार परीक्षार्थी थे, जबकि इस वर्ष 63 हजार से अधिक परीक्षार्थी यूटीईटी में शामिल होंगे।
बोर्ड की वेबसाइट से ही प्रवेश पत्र डाउनलोड करने होंगे
चार हजार से अधिक आवेदकों ने गलत फार्म भरे
बोर्ड कार्यालय ने आवेदकों की त्रुटियां सुधारने का मौका दिया