वेतन नहीं मिला तो टूल डाउन हड़ताल
तीन माह का वेतन समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर चीनीमिल कर्मचारी सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने टूल डाउन हड़ताल कर मिल में प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। उन्होंने मिल प्रबंधन पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
शनिवार को दि किसान सहकारी चीनीमिल में उत्तरांचल चीनीमिल श्रमिक संघ, देवभूमि चीनीमिल कर्मकार यूनियन और उत्तराखंड चीनीमिल मजदूर संघ के कर्मचारियों ने सभा कर संयुक्त रूप से संघर्ष मोर्चा का गठन किया। इसमें अनिल भारत सिंह को अध्यक्ष चुना गया। साथ ही 23 सदस्य बनाए गए। इसके बाद संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में मिल कर्मियों ने तीन माह के रुका वेतन जारी करने, भविष्य निधि का भुगतान करने, माह जुलाई से बकाया एलआईसी बीमा की किस्त जमा कराने की मांग को लेकर टूल डाउन हड़ताल कर दी। मिल कर्मियों ने बताया कि चीनीमिल में करीब 612 कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनमें 180 स्थाई कर्मचारी हैं। जिनका माह जून से अगस्त तक का वेतन रुकने से उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर मंगलवार से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। वहां मोर्चा अध्यक्ष अनिल भारत सिंह, श्रीकृष्ण यादव, राजेंद्र बुधलाकोटी, शरीफ अहमद, प्रकाश चंद्र भट्ट, मालचंद शर्मा, भुवन जोशी, रामानुज सिंह, गोपाल दत्त कबड़वाल आदि थे।