खटीमा। सांसद आदर्श गांव बग्घा-54 की एक दिव्यांग युवती को चार साल से पेंशन नहीं मिली है। सांसद आदर्श ग्राम सरपुड़ा बग्घा 54 की युवती दिगरी पुत्री कुमेर सिंह धामी 100 प्रतिशत दिव्यांग है। दिगरी को 2010 से 2013 तक समाज कल्याण विभाग से पेंशन मिलती थी। जब से पेंशन को बैंक खातों और खातों को आधार से लिंक किया गया है। तब से युवती को पेंशन नहीं मिली है। युवती के बूढ़े पिता कुमेर सिंह का कहना है कि उन्होंने पांच बार बेटी का आधार कार्ड बनाने के लिए आवेदन किया लेकिन एक बार भी आधार कार्ड बनकर नहीं आया। आधार नंबर न होने से उनकी पुत्री का खाता नहीं खुल पा रहा है।
इस संबंध में सहायक समाज कल्याण अधिकारी केएस राणा का कहना है कि पेंशन की सूची में युवती का नाम दर्ज है। लेकिन खाता आधार से लिंक न होने की वजह से खाता अपडेट नहीं हो रहा है। युवती की हालत देखते हुए बीडीओ एचसी जोशी ने बैंक के प्रबंधक को खाता खोलने के निर्देश दिए हैं। युवती के पिता कुमेर सिंह ने बताया कि वह सोमवार को वाहन बुक कराकर 55 किलोमीटर की यात्रा करके यहां पहुंचे हैं। इधर, समाज कल्याण विभाग ने बैंक के खातों को आधार से लिंक कराने के लिए शिविर का आयोजन किया। इसमें 27 पेंशन धारकों ने अपने आधार नंबर, बैंक की पासबुक जमा करायी। इस अवसर पर सतपाल बत्रा, लाल सिंह बोरा आदि थे।