कार्बेट पार्क में सेही से संघर्ष में बाघिन की मौत
रामनगर(नैनीताल)।
कार्बेट पार्क में सेही से संघर्ष में बाघिन की मौत हो गई। उसका शव सर्पदुली रेंज में पड़ा मिला। संघर्ष में सेही की भी जान चली गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कर वहीं नष्ट कर दिया गया।
शनिवार को कार्बेट पार्क के सर्पदुली रेंज कक्ष संख्या दो घुलवा पश्चिमी ब्लाक में वन कर्मचारी गश्त कर रहे थे। इस दौरान बाघिन को पड़ा देखा। उसके पास गए तो वह मृत मिली। गश्ती दल ने इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी। अधिकारी मौके पर पहुंचे तो बाघिन के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। अधिकारियों के अनुसार पास में सेही भी मरा मिला। बाघिन के गले, पेट और पैर में सेही के सात कांटे लगे थे। शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। उसमें कीड़े भी पड़ने लगे थे। उन्होंने बताया कि इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि सेही ने बाघिन पर हमला किया होगा इसके बाद दोनों में संघर्ष हुआ होगा। बाघिन की उम्र सात साल आंकी जा रही है। कार्बेट के डॉ. दुष्यंत शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. योगेश अग्रवाल ने बाघिन का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान उपनिदेशक अमित वर्मा, ढ़िकाला रेंज अधिकारी धर्मानंद ध्यानी, संतोष सिंह बिष्ट, महेश चंद्र के साथ वनकर्मी मौजूद थे।