हल्द्वानी/रामनगर। नए साल के जश्न के लिए पर्यटकों को रिझाने को एक से बढ़कर एक ऑफर होटल और रिसॉर्ट वाले दे रहे हैं। इनमें सबसे लुभावना ऑफर भीमताल से हैं, जहां पर 31 दिसंबर की रात कई होटलों ने डिनर फ्री किया हुआ है। इसके अलावा डीजे और लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है। इधर रामनगर में भी पर्यटकों को रोकने के पूरे इंतजाम होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों ने किए हुए हैं। कुमाऊंनी संस्कृति से लेकर राजस्थानी तड़के तक का इंतजाम किया गया है।
ग्रेटर भीमताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसेसिएशन के अध्यक्ष विनोद गुणवंत ने बताया कि एसोसिएशन में भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल और मेहरागांव क्षेत्र के लगभग 33 होटल और रिसोर्ट्स पंजीकृत हैं जबकि इस क्षेत्र में कुल होटलों की संख्या 35-40 के करीब है। इनमें से अधिकतर पहले ही ऑनलाइन बुकिंग की वजह से पैक हो गए हैं। उधर कॉर्बेट पार्क की वजह से रामनगर के आसपास 200 से अधिक छोटे-बड़े रिसोर्ट, होटल हैं, जो जंगल, नदी, गांव के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बने हैं। इसके चलते देशी-विदेशी पर्यटक इस ओर खिंचे चले आते हैं। इस बार पर्यटकों को रिझाने के लिए कुमाऊंनी गीतों के साथ राजस्थानी गायकों के दल भी बुलाए गए हैं। सजावट में कुमाऊंनी संस्कृति का ख्याल रखा गया है। कई रिसोर्टों ने इस बार पतंगबाजी, पर्यावरण बचाने संबंधी चित्रकला, नृत्य, संगीत संध्या, हस्ताक्षर अभियान, सिंघाड़ा कचरी, चाय स्टॉल, चाइनीज, कुमाऊंनी व्यंजनों के स्टॉल लगाने की तैयारी की है। हालांकि इन सबके बीच होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि मान का कहना है कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार पर्यटक कुछ कम हैं। इसके पीछे वजह को लेकर उनका कहना है कि अल्मोड़ा, कौसानी में बुकिंग देखकर लग रहा है इस बार यहां का पर्यटक उस ओर शिफ्ट हुआ है।
नए साल के जश्न को लेकर पुलिस, वनकर्मी भी सचेत
रामनगर (नैनीताल)। नए साल का जश्न मनाने के लिए कॉर्बेट, इसके आसपास बने रिसोर्टों में पर्यटकों की संख्या को देखते हुए पुलिस, वनकर्मी भी सचेत हो गए हैं। एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि यदि किसी पर्यटक, होटल व्यवसायी ने किसी कानून को तोड़ा तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं रामनगर वन प्रभाग की डीएफओ नेहा वर्मा ने बताया कि यदि किसी पर्यटक ने रात को कोसी, जंगल के किनारे प्रवेश किया, रिसोर्ट संचालकों ने जंगल या कोसी की तरफ तेज लाइटें लगाईं तो इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पार्क वार्डन शिवराज चंद्र ने बताया कि कॉर्बेट की सीमा पर गाड़ी पार्किंग, तेज आवाज में बजने वाले डीजे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि यातायात सुचारु चले और शराब पीकर लोक हुड़दंग न करे इसके लिए खास तैयार की है।
होम स्टे की सुविधा यहां भी उपलब्ध
कालाढूंगी तहसील क्षेत्र के गांव छोटी हल्द्वानी में भी पर्यटकों के लिए होम स्टे की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए गांव के चुनिंदा 20 कमरो में करीब 30 पर्यटक ठहर सकते हैं। ग्रामीणों ने कार्बेट ग्राम विकास समिति बनाई है। इसका पंजीकरण पर्यटन विभाग में है। मंडल में होम स्टे की सुविधा केएमवीएन के माध्यम से भी सुलभ है लेकिन निगम के स्थानीय टीआरएच का संचालन पीपीपी मोड में होने से भवन स्वामी निगम में पंजीकरण नहीं करा सके हैं। इसके साथ ही कोटाबाग क्षेत्र के स्यात और रामनगर के क्यारी गांव में भी सामुदायिक पर्यटन की गतिविधियों का संचालन हो रहा है।