रामनगर (नैनीताल)। बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाएं जांचने का काम शनिवार से शुरू होगा। इसके तहत प्रदेशभर में बने 30 मूल्यांकन केंद्रों पर 18 लाख से अधिक कॉपियां जांची जाएंगी। बोर्ड के अधिकारी मूल्यांकन कार्य पर नजर बनाए रखेंगे।
प्रदेश में तीन से 27 मार्च तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा हुई थी। इसमें ढाई लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इस बार लोकसभा चुनाव के चलते मूल्यांकन का काम 20 दिन देरी से शुरू हो रहा है। इस कारण रिजल्ट भी देर में जारी होगा। हर जिले के सीईओ को भी हर मूल्यांकन केंद्र में सुरक्षा, निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार छह हजार से अधिक अनुभवी शिक्षकों को कॉपियां जांचने के लिए चयनित किया गया है। बोर्ड के शोध अधिकारी मनोज कुमार पाठक ने बताया कि बोर्ड ने प्रत्येक जिले के मास्टर ट्रेनरों (एमटी) को प्रशिक्षण दिया है। यह एमटी शनिवार को हर परीक्षक को ट्रेनिंग देंगे। छुट्टी के दिन भी कॉपियां जांची जाएंगी। अंकेक्षक भी मूल्यांकन की चेकिंग करेंगे। चार मई तक मूल्यांकन पूरा होने की उम्मीद है। मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
आज से जांची जाएंगी 18 लाख कॉपियां
30 मूल्यांकन केंद्रों पर नजर रखेंगे बोर्ड के अधिकारी