नैनीताल। हरिद्वार में वर्ष 2012 में ओनिडा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड मामले की जांच उच्च न्यायालय ने विशेष जांच दल (एसआइटी) से कराने के आदेश पारित किए हैं। राज्य सरकार घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन कर चुकी है। पूर्व में राज्य अपराध अनुसंधान विभाग इस मामले में अंतिम रिपोर्ट पेश कर चुका है।
वर्ष 2012 में हरिद्वार में ओनिडा फैक्ट्री में हुए चर्चित अग्निकांड में 11 कर्मचारी जलकर मर गए थे। मृतकों के परिजनों ने रानीपुर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें से एक मृतक अभिषेक के पिता रवींद्र ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर मामले की सीबीआइ या विशेष जांच दल से जांच की मांग की थी। मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति सुधांशु धुलिया के समक्ष हुई। याचिका में कहा गया था कि आईपीएस केवल खुराना व कोतवाल राजीव डंडरियाल ने प्राथमिकी में कंपनी के मालिक जीआइ चंदानी और प्रबंधक का नाम हटा दिया था। मृतक के पिता ने पुलिस उपमहानिरीक्षक से दोबारा प्राथमिकी दर्ज करने का आग्रह किया था।