हल्द्वानी। खेल महाकुंभ की तैयारी का हाल यह है कि खिलाड़ियों को इंदिरा अम्मा कैंटीन से भोजन करना होगा और गुरुद्वारे में सोना होगा। मंगलवार को डीएम दीपेंद्र चौधरी की ओर से हुई समीक्षा बैठक में यही फैसला किया गया।
मंगलवार को शिविर कार्यालय में हुई बैठक में डीएम ने पुलिस, प्रशासन, खेल अधिकारियों को खेल की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 24 से 30 नवंबर तक खेल महाकुंभ होगा। इसका शुभारंभ 24 नवंबर की सुबह 10 बजे जिला प्रभारी वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत करेेंगे। तय किया गया कि खेल हल्द्वानी स्टेडियम के अलावा वानिकी प्रशिक्षण अकादमी मैदान और बैडमिंटन मेडिकल कालेज में आयोजित किये जाएंगे। उन्होंने सहायक निदेशक से कहा कि न्याय पंचायत व ब्लाक स्तर के चुने खिलाड़ियों के कौन सा खेल कहां-कहां होने हैं इसकी जानकारी दें। साथ ही पीटीआई व कोच की तैनाती की जाएगी। चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि तीनों स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल वैन खड़ी की जाए। वहीं खिलाड़ियों के भोजन के लिए इंदिरा अम्मा कैंटीन और सोने के लिए गुरुद्वारे में व्यवस्था करने का फैसला लिया गया। फायर ब्रिगेड को निर्देश दिए कि मैदान पर नियमित तौर पर पानी का छिड़काव करे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र, आरटीओ राजीव मेहरा, उपजिलाधिकारी एपी वाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, सहायक निदेशक खेल अख्तर अली, युवा कल्याण अधिकारी दीप्ति जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी एचएल गौतम, खंड विकास अधिकारी शिल्पी पंत आदि मौजूद थे।
कार्यक्रम की सूची
24 नवंबर : अंडर 17 बालक बालिका वर्ग में कबड्डी, खोखो, बालीवाल, ताइक्वांडो, बाक्सिंग
25 नवंबर : अंडर 14 बालक बालिका फुटबाल, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस
26 नवंबर : अंडर 19 बालक बालिका वर्ग में फुटबाल, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस और बालीवाल
27 नवंबर : अंडर 17 फुटबाल टूर्नामेंट स्टेडियम
27, 28 व 29 नवंबर : कबड्डी, खोखो, एथलेटिक्स वानिकी प्रशिक्षण अकादमी और बैडमिंटन खेल मेडिकल कॉलेज में किए जाएंगे।