हल्द्वानी। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्कूली बच्चों ने जन जागरूकता रैली निकाली। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्कूली बच्चों की कई प्रतियोगिताएं हुई। जिला प्रशासन की ओर से सौ वर्ष की आयु पूरी कर चुके तीन शतकवीर मतदाताओं के साथ ही छह नए मतदाताओं को सम्मानित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी को अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम की शुरुआत शुक्रवार सुबह जीजीआईसी से एमबी इंटर कॉलेज तक जागरूकता रैली के साथ हुई। रैली में एचएन इंटर कॉलेज, गांधी इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआईसी बनभुलपूरा, ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज के बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया। मुख्य समारोह एमबी इंटर कॉलेज मैदान में हुआ, जहां डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार सुमन ने सुगरा परवीन (113), कौशल्या देवी (102) एवं मोहम्मद अली (116) को सम्मानित किया गया, जबकि नये मतदाताओं में साहिल, नीरज, निशा, नयन, खुशबू, निधि को मतदाता पहचान पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान मां बाराही सांस्कृतिक कला समिति एवं कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति के कलाकारों के अलावा नैब और जीजीआईसी के बच्चों ने मतदाता जागरूकता के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस दौरान हुई पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियांशु पालनी प्रथम, मो. निहाल अंसारी द्वितीय, वरुण रावत तृतीय, रंगोली में जीजीआईसी मालधनचौड़ प्रथम, जीजीआईसी हल्द्वानी के बच्चों ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। डीएम सुमन ने बताया कि जिले में कुल 7.29 लाख मतदाता हैं। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय, जिला शिक्षाधिकारी एचएल गौतम, जिला पंचायतराज अधिकारी राजेश कुमार, तहसीलदार पीआर आर्य, तनवीर असगर, अशोक कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रकाश त्रिपाठी आदि थे।
तीन शतकवीर और छह नए मतदाता सम्मानित
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निकाली रैली, कई प्रतियोगिताएं हुईं
एमबी इंटर कॉलेज समेत कई जगह हुए कार्यक्रम
मतदाता दिवस पर शतकवीर मतदाता सम्मानित
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर तहसील में स्कूली बच्चों की पोस्टर, स्लोगन प्रतियोगिता हुई। इसमें विजेता रहे 12 बच्चे पुरस्कृत हुए। एसडीएम हर गिरी, तहसीलदार प्रियंका रानी, राजस्व उपनिरीक्षक तारा चंद्र घिल्डियाल, राजस्व उपनिरीक्षक आरिफ हुसैन ने बुजुर्ग मतदाताओं को पुरस्कृत किया। इनमें मोहल्ला ऊंटपड़ाव निवासी 114 वर्ष के मिर्जा गुलाम बेग, ग्राम थारी निवासी 107 वर्षीय शीशा सिंह, ग्राम कानिया निवासी 102 वर्षीय कलावती देवी आदि शामिल थे। कोतवाली में कोतवाल रविकुमार सैनी, जल संस्थान में ईई पीके त्यागी, ऊर्जा निगम में ईई विवेक कांडपाल ने मतदान की शपथ दिलाई। राजकीय महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. हेमा प्रसाद, अर्थशास्त्र विभाग की डॉ. अनुमिता अग्रवाल ने मतदान का महत्व बताया। इस दौरान डॉ. मूलचंद्र शुक्ल, डॉ. जीसी पंत, डॉ. डीएन जोशी, डॉ. धीरेंद्र सिंह आदि थे। विद्यार्थियों ने नगर में रैली निकाली। बीईओ निर्मला बोहरा, एमपीआईसी के प्रधानाचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाई। रैली में लेफ्टिनेंट चंद्रशेखर मिश्रा, लेफ्टिनेंट पंकज जैन, सेकंड ऑफिसर जफर अली, क्रीड़ाधिकारी चंचल सिंह बसेड़ा आदि थे।
मतदाता के महत्व बताते हुए शपथ दिलाई
लालकुआं/गरमपानी/बेतालघाट (नैनीताल)। लालकुआं तहसील में संगोष्ठी हुई। इसमें तहसील, राजस्व विभाग, स्कूली बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान तहसीलदार महेंद्र कुमार जोशी ने क्षेत्रवासियों को अपने मत का प्रयोग करने की शपथ दिलाते हुए कहा कि प्रजातांत्रिक अधिकार का प्रत्येक नागरिक को प्रयोग करना चाहिए। वहीं आंगनबाड़ी के कार्यकर्ताओं ने भी राजकीय कन्या जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ दिलाई। इधर, जीआईसी और जीजीआईसी की छात्राओं ने नगर में पैदल मार्च निकालकर लोगों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर जागरूक किया। इस मौके पर तहसील के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह अधिकारी, समन्वयक भुवन चंद्र भट्ट, मोहित बोरा, प्रशांत पंत, सलीम अहमद, सुनील कांडपाल, हरीश जोशी, हरविंद्र सिंह आदि थे। तहसील कोश्याकुटौली में एसडीएम प्रमोद कुमार ने मताधिकार की जानकारी दी। कर्मचारियों, बुजुर्गों, युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई। इस दौरान ललित मोहन गोस्वामी, संजय तिवारी, राजेंद्र नाथ गोस्वामी, रेणु गौड़, विशेष चौहान, दीप चंद्र जोशी, मनोज नेगी आदि थे। तहसील परिसर बेतालघाट में कर्मियों ने मतदान की शपथ ली। भीमताल में विकास भवन में शुक्रवार को मतदाता दिवस पर सरकारी कर्मियों ने मतदान की शपथ ली।