भीमताल (नैनीताल)। राज्य सरकार पंडित दीनदयाल सामाजिक सुरक्षा कोष योजना से विधवा, घरेलू हिंसा से पीड़ित, एकल और किन्नरों को उद्योग खोलने के लिए एक प्रतिशत ब्याज पर एक लाख का ऋण सहकारी बैंक से देगी।
सोमवार को सीडीओ विनीत कुमार ने बाल विकास और जिला सहकारी समिति के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीडीओ ने बताया राज्य सरकार ने इस योजना में प्रदेश भर में 50 लाख की धनराशि आवंटित की है। इस धनराशि में से प्रत्येक जिले को धनराशि आवंटित कर उद्योग लगाने वाली महिला को एक लाख रुपये का ऋण जिला सहकारी बैंक से एक प्रतिशत ब्याज पर दिया जाएगा। बैठक में डीडीओ रमा गोस्वामी, डीपीओ बालकृष्ण टम्टा, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, जिला सहकारी निबंधक अधिकारी बलवंत मनराल मौजूद रहे।
जिला सहकारी समिति से मिलेगा लोन
इस योजना में लाभार्थी महिला को एक प्रतिशत ब्याज स्वयं देना होगा, जबकि एक प्रतिशत ब्याज बाल विकास और नौ प्रतिशत ब्याज राज्य सरकार स्वयं देगी। सीडीओ ने बताया एक लाख तक का ऋण सिर्फ उद्योग लगाने के लिए ही दिया जाएगा। इसमें लाभार्थी महिला, भेड़-बकरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कुटीर उद्योग, कृषि में अपना उद्योग कर सकती है।