नैनीताल। मूसलाधार बारिश के चलते सोमवार को जिले के दस ग्रामीण मार्ग बंद हो गए। बाद में प्रशासन ने किसी तरह से पांच मार्गों को जेसीबी से खुलवाकर यातायात सुचारु कराया।
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को धानाचूली ओखलकांडा, सड़ा अड़िया, सिमलखेत सनना, गोदी ग्राम पस्तौला, काठगोदाम हैड़ाखान, अमृतपुर बानना, डाल कन्या गौनियारो, महतोली मझोली, बल्ला बल्ला मार्ग, देवीधुरा बोहरा गांव के मार्ग बंद थे। यहां से गुजरने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को कई किलोमीटर दूसरे रास्ते से अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
मार्ग बंद होने के बाद से प्रशासन ने जेसीबी आदि से इन्हें खुलवाने के प्रयास शुरू किया। सोमवार शाम तक पांच मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए, जबकि डाल कन्या गौनियारो, महतोली मझोली, बल्ला बल्ला, देवीधुरा बोहरा गांव समेत पांच मार्ग देर रात तक बंद रहे। प्रशासन इन्हें खुलवाने का प्रयास करता रहा।