द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत में स्थायी अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की मांग को लेकर क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। दूसरे दिन बाजार वार्ड के सभासद युगल किशोर शाह अनशन पर बैठे। आंदोलन की उपेक्षा से नागरिकों में आक्रोश है। आंदोलनकारियों ने शीघ्र ही आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। आंदोलन को समर्थन देने के लिए वहां भारी संख्या में लोग पहुंचे।
मालूम हो कि गत वर्ष जुलाई में द्वाराहाट नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर का प्रतिस्थानी के बगैर अल्मोड़ा नगर पालिका के लिए स्थानांतरण कर दिया गया, तब से लगतार अध्यक्ष सहित सभासद आंदोलनरत हैं। अध्यक्ष विमला शाह का कहना है कि नगरपालिका अल्मोड़ा के ईओ को ही द्वाराहाट का प्रभार सौंपा गया है, लेकिन अल्मोड़ा दूर होने के कारण उन्हें यहां आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। कहा कि शासन-प्रशासन छह दिनों से चल रहे आंदोलन की उपेक्षा कर रहा है। शीघ्र ही आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर हाट वार्ड सभासद तारा मठपाल, कनार वार्ड सभासद भागीरथी देवी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कमल शाह, राज्य आंदोलनकारी सुरेंद्र लाल शाह आदि मौजूद थे। तालाबंदी के चलते कर्मचारियों को बाहर बैठना पड़ रहा है।