हल्द्वानी। महिला दिवस पर राज्य सहकारी दुग्ध संघ की अध्यक्ष रेखा देवी ने भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उनका आरोप है कि देहरादून में शुरू की गई आंचल अमृत योजना में उन्हें निमंत्रण नहीं दिया गया। रेखा देवी ने इससे पहले प्रदेश के सहकारिता मंत्री के खिलाफ भी मोर्चा खोला था। रेखा देवी अब इस लड़ाई को दिल्ली ले जाने की तैयारी में है। उधर, प्रबंध निदेशक का दावा है दुग्ध संघों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई थी।
यूसीडीएफ अध्यक्ष रेखा देवी ने शुक्रवार को सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। कहा कि मुख्यमंत्री और सहकारिता मंत्री ने देहरादून में यूसीडीएफ की सबसे बड़ी योजना आंचल अमृत योजना को लांच किया। इस बैठक में उन्हें नहीं बुलाया गया, जबकि एमडी प्रकाश चंद्र ने सभी दुग्ध संघ के अध्यक्ष और जीएम को वहां बुलाया था। उन्होंने कहा कि वह यह बात प्रधानमंत्री मोदी के सामने रखेंगी। इसके लिए वह जल्द दिल्ली जाएंगी।
आंचल अमृत योजना में क्यों नहीं बुलाया
यूसीडीएफ अध्यक्ष, सहकारिता मंत्री पर लगाया सौतेला व्यवहार का आरोप
दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मिलने की बात भी कही
एमडी को सात बार फोन किया था
रेखा देवी ने यूसीडीएफ के एमडी प्रकाश चंद पर सहकारिता मंत्री के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। कहा कि उन्होंने सात मार्च को एमडी प्रकाश चंद को सात बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
मैंने महाप्रबंधक प्रशासन का कार्यभार देख रहे अनिल कुमार नेगी से सभी को आमंत्रण देने की जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने अवगत कराया कि सभी को निमंत्रण दे दिया गया है। -प्रकाश चंद्र, एमडी यूसीडीएफ