रानीखेत (अल्मोड़ा)। दीपावली पर्व से ठीक एक दिन पहले ताड़ीखेत में एक परिवार पर मातम छा गया। ताड़ीखेत में एक निजी स्कूल परिसर में बने आवासीय भवन की छत पर कपड़े सुखाने गई महिला वहां से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने यहां राजकीय अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि आवासीय भवन हाईटेंशन लाइन के नीचे बनाया गया है। हालांकि छत पर दीवार भी दी गई है, दोपहर महिला ने जैसे ही गीली चादर दीवार पर डाली तो वह तार की चपेट में आ गई। मामले में अभी तक किसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
छोटी दीपावली पर ताड़ीखेत ब्लॉक के रिसौना देवलीखेत गांव निवासी भास्कर सिंह बिष्ट के घर मातम छा गया। बताया गया है कि भास्कर बिष्ट केपीएस स्कूल में कर्मचारी हैं। वह विद्यालय परिसर में बने आवासीय भवन में ही रहते हैं। दोपहर उनकी पत्नी गीता बिष्ट (23) जब छत पर कपड़े सुखाने गई, उसने जैसे ही दीवार पर चादर डाली तो वह वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। एसआई एसएस रिंगवाल ने बताया कि गीता देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम करा दिया है। मृतका का एक साल का छोटा पुत्र है। बताया जा रहा है कि भवन की ऊंचाई हाईटेंशन लाइन के बराबर की गई है। विद्युत विभाग ने फिलहाल मृतका के परिजनों को 80 हजार रुपये मुआवजा दे दिया है।