सातवें वेतनमान लागू करने की मांग को लेकर कुमाऊं मंडल के निकाय और निगम कर्मियों ने महासभा कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो 11 अगस्त को देहरादून में विशाल चेतना रैली निकाली जाएगी। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन भी भेजा।
प्रदेश के 40 हजार से अधिक निकाय और निगम कर्मी भी प्रदेश सरकार के लिए परेशानी का सबब बनने जा रहे हैं। शनिवार को राज्य निगम, निकाय, जलसंस्थान, विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत कर्मचारी महासंघ उत्तराखंड की ओर से तय कार्यक्रम के तहत कुमाऊं मंडल के सैकड़ों कर्मचारी हल्द्वानी स्थित बुद्ध पार्क पहुंचे। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की ओर से निगमों की उपेक्षा की जा रही है। निगम कर्मचारियों के मांगपत्र पर सरकार की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सभी विभागों में सातवां वेतनमान लागू कर दिया गया है। ऐसे में निगम कर्मचारियों की एक सूत्रीय मांग पर कार्रवाई न होना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें सातवां वेतनमान नहीं दिया जाता है तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे और हड़ताल में जाने को विवश हो जाएंगे। इस दौरान राजेंद्र कपिल, रमेश नेगी, सूर्य प्रकाश, गजेंद्र कपिल, रवि, रमेश बिजोला, गिरीश जोशी, एसपी पंत, विजय खनी, गुमान सिंह, दिनेश, चंद्रशेखर शर्मा, संजीव कुमार, कमलेश द्विवेदी, अरविंद जोशी, दीवान सिंह आदि मौजूद रहे।