हल्द्वानी। मोटाहल्दू के जंगल में बृहस्पतिवार को युवक का अधजला शव पड़ा मिला है। पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां जलाया गया है। फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचे और जांच की। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जयपुर बीसा गांव के ग्रामीण बृहस्पतिवार की सुबह टहलने के लिए निकले। इस बीच चौराहे से महज 200 मीटर की दूरी पर सड़क से महज 19-20 फुट की दूरी जंगल की ओर खाई से धुआं दिखता उठा। यह देख ग्रामीण सन्न रह गए। खाई में युवक का शव जल रहा था। शव आधा जल चुका था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव और सीओ राजीव मोहनन भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
बाद में फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस के मुताबिक युवक ने नीले रंग की टी शर्ट, आसमानी रंग की जींस, पैर में सैंडल पहने थे। सिर पर पिछले हिस्से में गहरी चोट का निशान है, आशंका है कि कहीं हत्या कर सबूत मिटाने के मकसद से शव को यहां जलाया गया है। मौके से कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतल मिली हैं जिनसे पेट्रोल की बदबू आ रही है। इस दौरान एसआई विमल मिश्रा, संजय जोशी, दीपक शर्मा, सुभाष जोशी मौजूद थे।
खंगाली जाएगी सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब पुलिस घटनास्थल के दोनों तरफ लगे सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है। फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद है।
... तो खून में सने होेंगे कार के पहिये
घटनास्थल के पास चंद कदमों की दूरी पर एक सीध में खून के धब्बे मिले हैं। ऐसा लग रहा है कि शव को कार से निकालने के बाद फैले खून में कार के पहिए सन गए। जब कार आगे बढ़ी तो एक सीध में कुछ दूरी पर धब्बे फैलते चले गए।
कुछ ही मिनटों में दिया वारदात को अंजाम
जहां शव को जलाया गया है वहां दिन रात वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क से महज सड़क से महज 19-20 फुट की दूरी पर शव पड़ा मिला वो अधजली हालत में है। माना जा रहा है कि हत्यारों ने कुछ ही मिनटों में पूरी घटना को अंजाम दिया होगा। शव को गाड़ी से निकाल कर पेट्रोल डालकर जलाते ही भाग गए होंगे। यही वजह है कि शव पूरा भी नहीं जल सका था
रात नौ से सुबह पांच बजे तक टांडा में खड़ी रही बाइक
सूत्रों की मानें तो बुधवार की रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक टांडा जंगल एस मोड़ पर एक बाइक खड़ी हुई थी। जब पुलिस को इसकी सूचना दी गई तो वाहन को जब्त किया गया।