रामनगर (नैनीताल)। लंबे समय से कार्बेट की वेबसाइट में धांधली की शिकायत को लेकर पार्क प्रशासन अब नया पोर्टल बनाने में जुट गया है। नया पोर्टल एक माह के भीतर शुरू हो जाएगा। इस पोर्टल में पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं होंगी। इसकी निगरानी के लिए पार्क में अलग से आईटी यूनिट के गठन के साथ ही पर्यटकों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया जाएगा, जो 24 घंटे कार्य करेगा।
कार्बेट पार्क के कार्यवाहक निदेशक डा. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्क भ्रमण बुकिंग के लिए नया पोर्टल बनाया जा रहा है। इसमें पर्यटक का पहले पंजीकरण करना होगा, जिसके उपरांत ही बुकिंग की जा सकेगी। ये पोर्टल मोबाइल में भी कार्य करेगा और आसानी से पार्क भ्रमण की बुकिंग की जा सकेगी। ऑनलाइन बुकिंग भुगतान के लिए पर्यटकों को तीन बैंकों की सुविधा भी दी गई है। इसमें एसबीआई, आईसीआईसीआई व एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।
पोर्टल से कोई छेड़छाड़ न हो, इसकी निगरानी के लिए एक आईटी सेल भी बनाया जाएगा। पर्यटकों को और बेहतर सुविधा देने के लिए हेल्पलाइन भी बनाई जाएगी, जो 24 घंटे कार्य करेगी। पोर्टल की विशेषता यह होगी कि ये हैकर्स की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सिक्योर साकिट लेयर (एसएसएल) से लैस होगा। इस पोर्टल के बनने से काफी हद तक परमिटों की हो रही कालाबाजारी पर लगाम लगेगी।