नैनीताल। दीपावली का त्योहार आते ही खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को तीन दुकानों से नमूने भरे। इस दौरान कई दुकानदारों को सफाई के लिए हिदायत दी गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार शाम करीब 4 बजे मल्लीताल से अभियान की शुरूआत की। विभागीय अधिकारियों की ओर से मल्लीताल व तल्लीताल बाजार में 15 से अधिक रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकान आदि की चेकिंग की गई। इस दौरान नगर की प्रसिद्ध मामू स्वीट्स की दुकान से पेठा, आगरा स्वीट्स से बेसन के लड्डू का सैंपल भरा गया। साथ ही तल्लीताल अमरजीत ट्रेडर्स की दुकान से खाद्य पदार्थों का सैंपल भरा गया। सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा।
टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्विनी सिंह, राजेश शर्मा, कैलाश चंद्र टम्टा आदि मौजूद रहे। अश्विनी सिंह ने बताया कि टीम की ओर से देर शाम से महरागांव व फिर पद्मपुरी बैंड में पहाड़ों को जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। दीपावली के दौरान पहाड़ों में दूषित, पेठा, मावा, पापड़ी आदि आने की संभावना रहती है।
लांसर बिस्किट पर 25 हजार का जुर्माना
नैनीताल। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अश्विनी सिंह ने बताया कि वर्ष 2012 में रामनगर से मार्केटिंग के लिए लांसर बिस्किट बेतालघाट ले जाया जा रहा था। विभागीय जांच में बिस्किट का नमूना अधोमानक पाया गया। इसका वाद सीजेएम की न्यायालय में दर्ज किया गया। जहां से बीते दिनों कंपनी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।