वीकेंड मनाना है तो रोडवेज बसों का मोह छोड़िए
हल्द्वानी।
सरोवर नगरी में आप वीकेंड मनाना चाह रहे हैं तो रोडवेज बसों के सफर मोह छोड़ना होगा। नैनीताल रूट पर रविवार को पहुंचने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम में अतिरिक्त बसों का संचालन नहीं कर पा रहा है। हजारों यात्रियों के सापेक्ष नैनीताल रूट पर सिर्फ चार बसें ही उपलब्ध हैं।
पर्यटन सीजन में हजारों पर्यटक और स्थानीय लोग परिवार के साथ रविवार की छुट्टी सरोवर नगरी नैनीताल में बनाना चाहते हैं। लेकिन परिवहन निगम के कुप्रबंधन के चलते प्रत्येक रविवार को रोडवेज बसों से नैनीताल पहुंचने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि हल्द्वानी डिपो से यात्रियों के लिए सिर्फ चार बसें ही उपलब्ध हैं। पिछले सप्ताह रोडवेज प्रबंधन ने नैनीताल के लिए रविवार और शनिवार को अतिरिक्त बसें संचालित करने का दावा किया था, लेकिन पर्याप्त बसें न होने से यात्रियों को कई गुना अधिक किराया देकर नैनीताल पहुंचना पड़ा था। कई यात्री लौट गए थे।
इस बार भी प्रबंधन रविवार को यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन और फेरे बढ़ाने के दावे कर रहा है। इसके साथ ही एक सप्ताह में चालकों के अभाव में नैनीताल रूट पर करीब पांच बस सेवाएं रोकनी पड़ी थीं। जबकि हल्द्वानी डिपो के पास नैनीताल रूट के लिए सिर्फ चार बसें उपलब्ध हैं। उधर, काठगोदाम डिपो के एआरएम देशराज अंबेडकर ने कहा कि काठगोदाम डिपो से यात्रियों की सुविधा के लिए करीब सात बसें चलाई जाएंगी।