हल्द्वानी। चिकित्सा-शिक्षा एवं स्वास्थ्य सचिव नितेश झा ने कहा कि राज्य सरकार कर्मियों के इलाज के लिए हेल्थ एजेंसी ट्रस्ट का गठन किया गया है। कर्मियों से निर्धारित अंशदान लिया जाएगा। दिल्ली और एनसीआर के कुछ बड़े अस्पतालों को इस योजना में शामिल किया जाएगा। वहां कैशलेस इलाज की सुविधा होगी। किसी अन्य अस्पताल में इलाज कराने पर राज्य कर्मचारी बिल ट्रस्ट को देंगे और ट्रस्ट उनको भुगतान करेगा।
मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थियेटर में मेडिकल हेल्थ कार्ड या राज्य सरकार की ओर से कोई सुविधा न मिलने की बात डॉक्टरों ने चिकित्सा-शिक्षा एवं स्वास्थ्य सचिव नितेश झा से कही थी। इस पर झा ने कहा कि राज्य सरकार कर्मियों के इलाज का खर्च ट्रस्ट उठाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अटल आयुष्मान योजना राज्य में 25 दिसंबर को लांच हो जाएगी। आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख 37 हजार परिवारों की सूची केंद्र सरकार ने भेजी है। जबकि राज्य सरकार 22 लाख परिवारों को अटल आयुष्मान योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा का लाभ देगी।