हल्द्वानी। ऑनलाइन सिस्टम से जुड़ने पर जल्द ही सभी डाकघरों में पेपर लेस काम शुरू हो जाएगा। प्रदेश के तीन डाक मंडलों के सॉफ्टवेयर अपडेट कर ऑनलाइन काम शुरू हो गया है। नैनीताल मंडल के डाकघरों में 12 जून से ऑनलाइन सिस्टम काम करना शुरू कर देगा।
डाक विभाग देश के सभी डाकघरों का साफ्टवेयर अपडेट कर रहा है। प्रदेश के अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चमोली डाक मंडलों के सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिए गए हैं। इन तीनों डाक मंडलों के अधीन छह जिलों में नए सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन काम शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार से नैनीताल मंडल के अधीन डाकघरों में वित्तीय लेनदेन चार दिन के लिए बंद कर नए साफ्टवेयर को अपडेट किया जा रहा है। नैनीताल मंडल के अधीन ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिले के डाक कर्मी प्रशिक्षण लेने के लिए यहां पहुंच गए हैं। शनिवार से प्रधान डाकघर में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान डाकघरों से केवल डाक वितरण का काम किया जाएगा। 12 जून से वित्तीय लेनदेन समेत सभी काम सुचारु हो जाएंगे।
सॉफ्टवेयर हो रहा अपडेट, पूरा सिस्टम होगा ऑनलाइन
डाकघर में चार दिन तक वित्तीय लेनदेन ठप
आज से मिलेगा नई तकनीक का प्रशिक्षण
12 जून से नए सिस्टम से शुरू होगा काम
डाकघरों में पेपरलेस काम होने जा रहा है। अब डाक विभाग से संबंधित किसी भी तरह का काम नए सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन किया जाएगा। सभी डाक कर्मियों को नए सिस्टम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
-आरके बिनवाल, सहायक डाक अधीक्षक नैनीताल।