हल्द्वानी। उप कारागार से कैदी के भागने के प्रयास को प्रशासन और पुलिस के अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कैदी मुख्य दीवार तक पहुंच गया। कैदी वहां तक कैसे पहुंचा न तो इसके कारण जाने जा रहे हैं न ही इस लापरवाही के जिम्मेदारों पर कार्रवाई।
जेल के सभी अधिकारी और कर्मचारी जानते हैं कि भागने की कोशिश करने वाला रोहतक कुताना निवासी कैदी मुराद अली पहले जेल से भाग चुका है। इतना ही नहीं वह पुलिस कस्टडी से भी भाग चुका है। बृहस्पतिवार की शाम अचानक कैदी बैरक से मुख्य दीवार तक पहुंच गया लेकिन किसी ने नहीं देखा। कैदी ने जब कपड़ों को जोड़कर चढ़ने की कोशिश की तो एक अन्य बंदी की निगाह उस पर पड़ गई। सवाल यह है कि किसकी लापरवाही से कपड़ा लेकर बंदी चला गया। इस बारे में जेलर का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इधर आईजी जेल के निर्देश पर बंदियों को सितारगंज भेजने के लिए जेल अधिकारी पुलिस फोर्स मांग रहे हैं। फोर्स मिलने पर जल्द ही करीब 50-50 की संख्या में कैदी सितारगंज भेजने की योजना बनाई जा रही है।