हल्द्वानी। एडीजी कानून व्यवस्था के निर्देश पर पुलिस ने छह हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी नहीं करने का फैसला लिया है। हालांकि 14 थानों के 96 हिस्ट्रीशीटरों पर अभी पुलिस की नजर रहेगी। जिले के 30 हिस्ट्रीशीटर लापता हैं जबकि 13 विभिन्न आरोपों के चलते जेल में बंद हैं।
एडीजी ने निर्देश दिया था कि निष्क्रिय हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी बंद की जानी चाहिए। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने थानाध्यक्ष से जांच रिपोर्ट मांगी थी। बनभूलपुरा थाने के हिस्ट्रीशीटर मुजम्मिल, मोहम्मद तौकीर, सज्जाद उर्फ नाग, फजल खां और शहजादे उर्फ मजूबा की गतिविधियों पर नजर रखी गई तो थानाध्यक्ष ने निगरानी बंद करने का अनुरोध किया था। हिस्ट्रीशीटर नईम निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की हिस्ट्रीशीट यूपी पुलिस को भेज दी गई है। पुलिस कार्यालय के अनुसार लालकुआं पुलिस ने भी एक हिस्ट्रीशीटर की निगरानी बंद कराने का अनुरोध किया गया है। पुलिस के अनुसार सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों की नियमानुसार निगरानी करेगी। हर महीने ऐसे हिस्ट्रीशीटर को थाने में उपस्थिति के लिए बुलाया जाएगा।