यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के डाडामंडी में लोगों से मिलते पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत।
- फोटो : KOTDWAR
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का यमकेश्वर विधानसभा के डाडामंडी में जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आते ही विकास में पिछड़ रहे यमकेश्वर विधानसभा का समग्र विकास किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास की एक ईंट भी नहीं रखी गई है। उल्टा भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं को बंद कर दिया है, जिससे उत्तराखंड की जनता को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भाजपा के लोग अपनी बेटी, बहुओं को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेज रहे हैं और उत्तराखंड की बेटी, बहुओं को घसियारी बनाकर उनका अपमान कर रहे हैं। जिसे कांग्रेस पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी, सत्ता में आते ही बेटी, बहुओं को उच्च तकनीकी शिक्षा प्रदान करते हुए उन्हें स्वावलंबी बनाया जाएगा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों से लोग परेशान हैं। कोरोना की मार से जूझ रहे लोग महंगाई के बोझ तले दबे हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ पार्टी की ओर से घोषित प्रत्याशी के लिए निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करते हुए उसकी जीत के लिए जुटने की अपील की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत, मेयर हेमलता नेगी, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सरोजनी कैंत्यूरा, ब्लाक प्रमुख रुचि कैंत्यूरा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष गीता नेगी, पूर्व राज्य मंत्री जसवीर राणा, दिनेश रावत आदि मौजूद थे।