कोटद्वार तहसील में कंपनी के प्रबंधन और कर्मियों से वार्ता करते एसडीएम जीआर बिनवाल।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
भाबर में सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित एक इलेक्ट्रानिक कंपनी में पिछले छह दिनों से चला आ रहा गतिरोध सोमवार को प्रशासन की मध्यस्थता के बाद समाप्त हो गया। प्रबंधन के साथ अभद्रता करने वाले श्रमिकों से माफीनामा लेकर उन्हें बहाल कर दिया गया है। वे मंगलवार से काम पर लौटेंगे। प्रशासन ने कंपनी प्रबंधन को श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी।
सोमवार को पिछले तीन दिनों से तहसील परिसर में धरने पर बैठे कंपनी के कर्मचारियों और प्रबंधन को एसडीएम जीआर बिनवाल ने वार्ता के लिए बुलाया। एसडीएम ने कर्मचारियों की समस्या सुनने के बाद कंपनी प्रबंधन से समस्या का समाधान निकालने को कहा। प्रबंधन की ओर से आए महाप्रबंधक राजेश श्रीवास्तव ने कर्मचारियों को कंपनी के नियमों के मुताबिक निश्चित वेतन देने और पीएफ काटने का आश्वासन दिया।
त्रिस्तरीय वार्ता के दौरान श्रमिकों और प्रबंधन के बीच दुर्व्यवहार के मामलों पर भी चर्चा हुई। प्रबंधन का कहना था कि जिन नौ कर्मचारियों ने 11 मई को कंपनी में अभद्रता की है उनको फिलहाल कुछ दिनों के लिए नोटिस देकर कार्य पर नहीं रखा जाएगा। इससे श्रमिक भड़क गए। आंदोलनकारी श्रमिकों ने प्रशासन से मांग की कि यदि कार्य पर लौटेंगे तो सभी, अन्यथा कोई नहीं। जिस पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। एसडीएम ने हस्तक्षेप करके प्रबंधन से समस्या का समाधान निकालने को कहा। कंपनी मालिक से हुई वार्ता के बाद प्रबंधन ने हड़ताली कर्मचारियों से लिखित में माफीनामा देने को कहा। किसी भी श्रमिक को न निकालने की शर्त पर मामले का पटाक्षेप कर दिया गया।