धुमाकोट के पास खाई में गिरी कार की जांच करते पुलिस कर्मी।
- फोटो : KOTDWAR
काशीपुर-बुआखाल नेशनल हाईवे पर धुमाकोट तिराहे के पास रविवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार एक महिला समेत पांच बच्चे घायल हो गए। दो गंभीर घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कार अदालीखाल से नैनीडांडा जा रही थी।
ज्येष्ठ उप प्रमुख ललित पटवाल ने बताया कि रविवार दोपहर दो बजे अदालीखाल से नैनीडांडा जा रही एक कार कल्याणपुरी (धुमाकोट तिराहे) के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में कार में सवार काशीपुर निवासी अनन्या (11) पुत्री अनुपम उसका भाई विद्वान (7), नैनीडांडा ब्लाक के ग्राम सीला मल्ला निवासी हेमंती देवी (30) पत्नी विजय सिंह, उसकी पुत्री अनिका (5) व पुत्र अनमोल (5) घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को कार से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। ग्रामीण घायलों को निजी वाहनों से पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट ले गए, लेकिन वहां ताले लगे थे। बाद में घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नैनीडांडा ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल अनन्या और विद्वान को हायर सेंटर काशीपुर रेफर कर दिया। कार चालक अनुपम ने बताया कि वह परिवार समेत अपने रिश्तेदारी में अदालीखाल गए थे। वापसी में वह अपने रिश्तेदार को नैनीडांडा छोड़ने जा रहे थे कि रास्ते में धुमाकोट के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।