कोटद्वार। तृतीय गढ़वाल राइफल्स के गौरव सेनानियों ने बटालियन का 111वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया गया। इस मौके पर बटालियन के गौरवशाली इतिहास, शौर्य और पराक्रम पर प्रकाश डाला गया।
भाबर क्षेत्र के घमंडपुर स्थित एक प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह का शुभारंभ संगठन के अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार विक्रम सिंह नेगी और संरक्षक सेवानिवृत्त कैप्टन उम्मेद सिंह नेगी ने बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया। उन्होंने बताया कि तृतीय गढ़वाल राइफल्स की स्थापना 20 अगस्त 1916 को लैंसडौन में हुई थी। बटालियन के प्रथम कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जेएमटी हांग थे। बटालियन ने देश की सीमाओं के साथ ही विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और बहादुरी का परिचय दिया है।
बटालियन के गौरवमयी इतिहास में 200 से अधिक वीरता पुरस्कार दर्ज हैं। इनमें एक महावीर चक्र, दो कीर्ति चक्र, 19 वीर चक्र, आठ शौर्य चक्र, तीन विशिष्ट सेवा मेडल और 18 सेना मेडल प्रमुख हैं। इस मौके पर सेवानिवृत्त ऑनरेरी कैप्टन भागवत सिंह, जयपाल सिंह, मनवर सिंह, राजेश बिष्ट, बृजमोहन, दीवान सिंह, मान सिंह, विजय सिंह, योगेश, दीपक आदि मौजूद रहे।