कोटद्वार। ग्रीन आर्मी देवभूमि की ओर से रितेश शर्मा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज जानकीनगर में आयोजित कार्यक्रम में शहीद राइफलमैन स्व. मनदीप सिंह रावत की सातवीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
उद्घाटन अमर शहीद मनदीप सिंह रावत की माता सूमा देवी, प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती उप प्रधानाचार्य अनिल कोटनाला, समिति की उपाध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा एवं ग्रीन आर्मी कोटद्वार के अध्यक्ष शिवम नेगी ने मां भारती एवं अमर वीर सपूत मनदीप सिंह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। आचार्य रोहित बलोदी ने शहीद मनदीप रावत के जीवन परिचय को सभी के समक्ष रखा। प्रधानाचार्य मनोज ने कहा कि वर्ष 2018 में आज ही के दिन मध्यरात्रि में गुरेज सेक्टर बांदीपुर जम्मू में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए मनदीप सिंह ने बहादुरी से एलओसी में घुसपैठ को नाकाम किया और दो आतंकवादियों को मार गिराया। इस अवसर पर ग्रीन आर्मी देवभूमि के महासचिव उत्कर्ष नेगी, कोषाध्यक्ष सौरव धूलिया, स्वयंसेवक सुशांत कोहली, रूपेश पंत, नैंसी रावत, ऋतु रावत, शालिनी नेगी और ईशा चौधरी समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।