लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट स्टेट हाईवे पर दुगड्डा व हनुमंती के बीच आमडाली के समीप आए मलबे की स
कोटद्वार/दुगड्डा। लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट स्टेट हाईवे पर दुगड्डा व हनुमंती के बीच आमडाली के पास बृहस्पतिवार सुबह पहाड़ी से मलबा आने के कारण मार्ग करीब तीन घंटे बाधित रहा। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची लोनिवि की दो जेसीबी ने मलबा हटाकर मार्ग पर आवाजाही शुरू करवाई।
लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट स्टेट हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे दुगड्डा व हनुमंती के बीच आमडाली के निकट लालपानी में पहाड़ी में भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। यह मार्ग दुगड्डा ब्लॉक के पौखाल क्षेत्र के गांवों के साथ ही यमकेश्वर व द्वारीखाल को दुगड्डा से जोड़ता है। सूचना पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुगड्डा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लोनिवि की ओर से सड़क से मलबा हटाने के लिए मौके पर दो जेसीबी भेजी गई। दोनों जेसीबी की मदद से विभाग करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को आवाजाही के लिए खोल सका। मलबा हटने के बाद जाम में फंसे वाहनों को गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
लोनिवि खंड दुगड्डा की अन्य बंद सड़कें
पौखाल सिमलना कण्वाश्रम मोटर मार्ग।
भंवासी मसोगी कूंतणी मोटर मार्ग।
जुलेड़ी धारकोट मोटर मार्ग।
खैड़ा दुबड़ा ग्रामीण मोटर मार्ग।
सैंज चुब्याणी गुमालगांव बुधोली मोटर मार्ग।
लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट स्टेट हाईवे पर आमडाली के समीप मलबा आने से करीब तीन घंटे आवाजाही बंद रही। दो जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारु कर दी गई है। पांच अन्य ग्रामीण मार्गों को खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।
-निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा।