स्पोर्ट्स क्लब दुर्गापुर की ओर से शुक्रवार को ग्रैंड मिक्स बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के जूनियर वर्ग में नमन-मोहित और वंश-मानस की जोड़ी ने सेमीफाइनल में अपने प्रतिद्वंद्वी जोड़ियों को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अब नमन व मोहित की जोड़ी और वंश व मानस की जोड़ी के बीच खिताबी भिड़ंत होगी।
आयोजक मंडल के संयोजक हर्षवर्धन बिंजोला ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी राम सिंह रावत, कुणाल रावत व इंजीनियर अजीत गुसाईं ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के एकल वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मोहित ने वंश को 21-13 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में नमन नेगी ने आयुष को 21-18 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। जूनियर डबल्स वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में नमन व मोहित की जोड़ी ने प्रखर व अरुण की जोड़ी को 21-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में वंश व मानस की जोड़ी ने गौरव व आयुष की जोड़ी को 21-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के जूनियर एकल वर्ग में 16 टीमों ने प्रतिभाग किया जबकि डबल्स में 6 टीमों ने भाग लिया। शनिवार 18 सितंबर को बालिका वर्ग, सीनियर वर्ग के सभी, ओपन एवं वेटरन वर्ग के सिंगल ओर डबल्स मुकाबले खेले जाएंगे।