जलसंस्थान की लापरवाही के चलते सिमलचौड़ स्थित ट्यूबवेल की एक बार फिर से मोटर फुंक गई है, जिससे नगर निगम के तीन वार्डों में पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। सैकड़ों की आबादी पिछले तीन दिनों से पेयजल के लिए भटक रही है, लेकिन विभाग न तो ट्यूबवेल की समय पर मरम्मत करा रहा है और न ही लोगों के लिए पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है।
सिमलचौड़ स्थित ट्यूबवेल से पदमपुर, बलभद्रपुर नयागांव, सिमलचौड़ और शिब्बूनगर में पेयजल आपूर्ति की जाती है। 27 जनवरी की शाम को ट्यूबवेल की मोटर फुंकने के कारण उक्त क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति ठप है।
स्थानीय नागरिक सुरेंद्र सिंह बिष्ट, अनिल सिलमाना, राजेश ध्यानी, कल्पना जोशी ने कहा कि विभाग मोटर की ठीक से मरम्मत नहीं कराता है, जिससे दिक्कत आती है। लोग देवी मंदिर और सिताबपुर से पानी ढो रहे हैं। विभाग के अधिकारियों को लोगों की समस्या से कुछ लेना देना नहीं है। उधर, जलसंस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि ट्यूबवेल की मरम्मत की जा रही है, शीघ्र क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की जाएगी।