डिग्री कालेज के पास जल संस्थान के ट्यूबवेल की मोटर फुंकने के कारण जौनपुर और अपर कालाबड़ में हजारों लोग पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। दो दिन से नलों में पानी की बूंद न टपकने के कारण लोगों को दूर-दूर भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी विनोद अग्रवाल, ऋतु अग्रवाल, अशोक, अंजलि, सुनीता देवी व ऊषा बिष्ट का कहना है कि गर्मियां शुरू होने लगी हैं। ऐसे में पानी की आवश्यकता भी बहुत बढ़ जाती है, लेकिन समय-समय पर ट्यूबवेल खराब होने के कारण दिक्कत हो रही है। कहा कि पिछले दो दिन से पानी न आने के कारण काफी परेशानी हो रही है।
जल संस्थान टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है, लेकिन वह सभी लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। टैंकरों से पानी लेने के लिए सारा काम छोड़कर घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने जल संस्थान से जल्द ट्यूबवेल की मरम्मत करने की मांग की है। कहा कि जब तक ट्यूबवेल ठीक होता है, तब तक टैंकरों की संख्या बढ़ाकर पानी उपलब्ध कराया जाए, जिससे लोगों की समस्याएं दूर हो सकें।
डिग्री कॉलेज के पास जल संस्थान के ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई है, जिससे पेयजल की दिक्कत आ रही है। अन्य स्रोतों और टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ट्यूबवेल की मरम्मत की जा रही है। जल्द ही समस्या का निस्तारण हो जाएगा।
-ओपी बहुगुणा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार।