गृह उद्योग लीसा उत्पादन सहकारी समिति लिमिटेड की 66वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में समिति के विकास के लिए सदस्यों ने कई सुझाव मांगे। बैठक में विकास कार्य संबंधी सुझावों पर अमल करने के लिए संचालक मंडल ने विभिन्न कमेटियों के गठन की घोषणा की।
लीसा भवन में समिति के अध्यक्ष भुवनमोहन सिंह गुसाईं की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान समिति की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संस्थापकों स्व. विष्णु सिंह रावत, प्रताप सिंह चौहान, मेहरबान सिंह कंडारी, उमानंद बड़थ्वाल, कप्तान राम प्रसाद नौटियाल, काशी प्रसाद अग्रवाल को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि कोविड काल में आर्थिक गतिविधियां प्रभावित होने के बावजूद समिति लगातार लाभ की स्थिति में बनी हुई है। समिति की ओर से बेसहारा बच्चों के पालन पोषण व शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस मौके पर विजय कुमार माहेश्वरी, जानकी बल्लभ मैंदोला, रवि नैथानी, जयदीप अग्रवाल और रंजना रावत आदि मौजूद रहे। संचालन सचिव उदय सिंह जगवाण ने किया।