सतपुली। लैंसडाैन के विधायक दलीप रावत ने सोमवार को जयहरीखाल ब्लाॅक के कौडिया पट्टी के अंतर्गत ग्रामसभा गढ़कोट के भिताड़ा मल्ला गांव के लिए जिला योजना से 20 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत पांच किमी सड़क का शिलान्यास समारोहपूर्वक किया।
सतपुली-चाई मोटर मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक दिलीप रावत ने पूजा अर्चना कर सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। विधानसभा में सतपुली से रामनगर 200 किमी की दूरी होने के बावजूद वह सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाओं आदि को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।
जयहरीखाल के सकमुंडा में झील स्वीकृत की गई है। झील निर्माण से जयहरीखाल, लैंसडाैन समेत क्षेत्र के बड़े हिस्से को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सकेगा। जिससे स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के अवसर मुहैया होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर पैनी नजर रखने की अपील की। इस मौके पर ग्रामीण कुलदीप रौतेला, दीपक रावत, जगदीश रौतेला, शेखर सिंह, सादर सिंह, मुकेश बिष्ट समेत अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।