शहर के भीड़भाड़ वाले गंगादत्त जोशी मार्ग क्षेत्र में एक भवन निर्माण करने वाले ठेकेदार समेत उसके परिवार के चार लोग और लकड़ी पड़ाव में एक दंपति संक्रमित मिले। इन सभी छह लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। स्वास्थ्य विभाग इन छह लोगों के सीधे संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार करने में जुट गया है। प्रशासन ने गंगादत्त जोशी मार्ग को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर सात गलियों को भी सील कर दिया है।
सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि 58 वर्षीय एक ठेकेदार, उनकी पत्नी (52) और 11 और 14 वर्ष के दो बच्चों को तेज बुखार और खांसी की शिकायत थी। वह 12 अगस्त को बेस अस्पताल चेकअप कराने पहुंचे थे। कोरोना के लक्षण मिलने पर चारों को आइसोलेट कर कोरोना सैंपल लिया था। मंगलवार को चारों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, लकड़ीपड़ाव की सील की गई गली में कोरोना संक्रमित के संपर्क सूची में शामिल पति और पत्नी को 17 अगस्त को आइसोलेट किया था। रेपिड टेस्ट में दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मेडिकल कॉलेज की एक कर्मचारी व दो मजदूर पॉजिटिव
श्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी रेपिड टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव निकली है। इसके बाद विभागाध्यक्ष और 2 जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर समेत 5 कर्मचारी सेल्फ आइसोलेट हो गए हैं, जबकि कर्मचारी के परिवार के 11 सदस्यों को भी भर्ती करा दिया है। विभागाध्यक्ष प्रो. दीपक डिमरी ने बताया कि एक कर्मचारी सोमवार को तबियत खराब होने पर छुट्टी पर थी। मंगलवार को ड्यूटी पर आने से पहले उसको कोविड टेस्ट कराने को कहा, जिसमें वह पॉजिटिव निकली। वहीं, टिहरी जिले की कीर्तिनगर तहसील में बिहार के किशनगंज जिले का एक मजदूर कॉरोना पॉजिटिव निकला। मजदूर 10 अगस्त को चार साथियों के साथ मढ़ी चौरास आया था। मलेथा रेलवे स्टेशन में कार्यरत एक मजदूर भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। तहसीलदार मंजू राजपूत ने बताया कि पॉजिटिव के संपर्क में आए 6 लोगों की सैंपलिंग कराई है। ब्यूरो
गोपेश्वर में वन दरोगा और लैंसडौन में वन कर्मी पॉजिटिव
गोपेश्वर/लैंसडौन। वन प्रभाग में एक वन दरोगा कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रभाग कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है। डीएफओ सहित कार्यालय के 36 कर्मचारियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। चमोली जिले में बाहर से आने वाले हर व्यक्ति का प्रवेश सीमा पर ही एंटिजन टेस्ट एवं ट्रू-नेट मशीन से टेस्ट किया जा रहा है। सीएमओ डा. गुमान सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार को 355 संदिग्ध लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए। वहीं भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन में कार्यरत एक कर्मचारी की देहरादून मेें कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सूचना मिलते ही डीएफओ के आदेश पर वन प्रभाग कार्यालय सील कर दिया गया है। यहां कार्यरत सभी 15 वन कर्मियों को होम क्वारंटीन में रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। डीएफओ अखिलेश तिवारी ने बताया कि कर्मचारी के परिजनों ने उनके कोरोना संक्रमित होने की सूचना दी। उधर, एसडीएम लैंसडौन ने तहसील को सैनिटाइज कराने के लिए बंद किया है। एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल ने बताया कि एक पटवारी कोरोना संक्रमित के संपर्क में आया था।
कीर्तिनगर में दो कोरोना पॉजिटिव सहित 10 पर मुकदमा
श्रीनगर। अन्य प्रदेशों से आने के बाद प्रशासन/ग्राम पंचायत को सूचना न देने पर कीर्तिनगर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो संक्रमित समेत 10 लोगों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम में केस दर्ज किया है।
श्रीनगर जल विद्युत परियोजना में कार्यरत एक कर्मचारी की पत्नी कोरोना पॉजिटिव मिली। ग्राम प्रधान थापली यशोदा देवी ने इस संबंध में पुलिस में तहरीर दी थी। कोतवाल जवाहर लाल ने बताया कि प्रधान की शिकायत पर कोरोना पॉजिटिव महिला व उसके पति, एक अन्य महिला व उसके पति, परियोजना कंपनी के एचआर हेड, निदेशक और दो सुरक्षा अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, बिहार के किशनगंज जिले से मढ़ी गांव में बिना स्वास्थ्य जांच के प्रवेश करने पर दो मजदूरों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। इनमें से एक मजदूर कोरोना पॉजिटिव निकला है।
आज बंद रहेगा लैंसडौन बाजार
लैंसडौन। कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत बुधवार को लैंसडौन बाजार बंद रहेगा। छावनी परिषद के सफाई निरीक्षक दीपक मिश्रा ने बताया कि सीईओ के निर्देश पर बुधवार को नगर को सैनिटाइज किया जाएगा। संवाद