लैंसडौन। उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग की ओर से अग्निवीर/अग्निपथ के विरोध में छावनी नगर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। साथ ही गांधी चौक में जनसभा का आयोजन किया गया। हस्ताक्षर अभियान के तहत 250 लोगों ने अग्निवीर/अग्निपथ योजना के प्रति आक्रोश व्यक्त किया।
गांधी चौक में आयोजित जनसभा में उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी (रि.) ने कहा कि सरकार ने अव्यवहारिक योजना लाकर देश की सैन्य शक्ति को कमजोर किया है। अग्निवीर बनाम रेगुलर सैनिक में भेदभाव करते हुए सरकार ने अग्निवीरों के साथ पक्षपात किया है। कहा कि अग्निवीर के शहीद होने व सेवानिवृत्ति पर उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी, शहीद के दर्जा का लाभ नहीं मिलेगा। अग्निवीर सर्विस के दौरान उन्हें डियरनेस एलाउंस व मिलिट्री सर्विस पे, मेडिकल फेसिलिटी का लाभ भी नहीं मिलेगा। इस योजना से उत्तराखंड में रोजगार का संकट खड़ा किया गया है। जनसभा को उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवीर पंवार व गोपाल गणेश, क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रांत खंतवाल, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मनमोहन असवाल, कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष महिपाल रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, व्यापार मंडल के संरक्षक गंभीर रावत आदि ने संबोधित किया।