सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस लेट होने के कारण कोटद्वार रेलवे स्टेशन में इंतजार करते यात्री।
- फोटो : KOTDWAR
यूपी के मोजमपुर में किसान आंदोलन के कारण सोमवार को सिद्धबली जन शताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित समय से चार घंटे देरी से कोटद्वार पहुंची। जन शताब्दी के देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में हो रही बारिश ने भी यात्रियों की मुश्किलों को और बढ़ाने का काम किया।
सामान्य दिनों में सिद्धबली जन शताब्दी एक्सप्रेस दोपहर 1:40 बजे कोटद्वार पहुंचती है और शाम 3:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है। सोमवार को मोजमपुर रेलवे स्टेशन में भारतीय किसान मोर्चा से जुड़े किसानों ने आंदोलन के दौरान रेलवे ट्रेक पर प्रदर्शन किया, जिसके चलते सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस चार घंटे देरी से शाम 5:40 बजे कोटद्वार पहुंची। सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वालों का दोपहर एक बजे से ही कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर जमावड़ा लगा रहा। ट्रेन देरी से आने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक मनोज रावत ने बताया कि किसान आंदोलन के कारण सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित समय से चार घंटे देरी से कोटद्वार पहुंची। यहां से ट्रेन को शाम 6:10 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया।