कोटद्वार से दो वाहनों में बैठकर आए दस से पंद्रह युवकों ने एक होटल व्यवसायी पर जानलेवा हमला करते हुए जमकर मारपीट की। घटना के बाद युवक कोटद्वार की ओर फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें रास्ते से दबोच लिया और उनका वाहन सीज कर दिया। दिन-दहाड़े हुई घटना पर व्यापारियों ने कुछ घंटे बाजार बंद कर रोष जताया। पुलिस ने पीड़ित होटल व्यवसायी की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद और अन्य 10-15 युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास, बलबा समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार दिन की है। दुगड्डा में नेशनल हाईवे स्थित कमला नेहरू मार्ग पर होटल व्यवसायी संजय कोटनाला रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होटल की ऊपरी मंजिल पर उनका आवास भी है। साढ़े ग्यारह बजे कोटद्वार से आए करीब दस-पंद्रह युवकों ने होटल में घुसकर उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव को आई उनकी मां सुधा देवी के साथ भी युवकों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। बताया कि सभी युवक लाठी डंडों और हथियारों से लैस थे। उन्होंने किसी तरह भागकर जान बचाई। कहा कि वह मौके से नहीं भागते तो उनकी जान जा सकती थी।
पीड़ित पक्ष की ओर से कोटद्वार के मानपुर निवासी रमन और गोल्डी के साथ ही दुगड्डा निवासी पवन को नामजद किया गया है। मारपीट की घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने कुछ घंटे बाजार बंद रखा। नगर पालिका अध्यक्ष दीपक बडोला, विधायक प्रतिनिधि दीपक ध्यानी, व्यापार मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह लूथरा, भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, सभासद संजय कंडवाल, संजय अग्रवाल, हरेन्द्र सिंह रावत, बृजमोहन उनियाल, संदीप नेगी ने पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज विकास भारद्वाज से वार्ताकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि एक बोलेरो वाहन में बैठे सात युवक शुभम, अनिल, अंकुर, रोमेश, राहुल, सुखदीप और संदीप दबोच लिए गए हैं। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया कि होली के दिन दुगड्डा में स्थानीय कुछ युवकों का कोटद्वार के युवकों के साथ विवाद हो गया गया। विवाद के दौरान होटल व्यवसायी के साथ भी मारपीट हुई थी, तब दोनों पक्षों ने अपनी गलती स्वीकारते हुए समझौता कर लिया था। पुलिस ने होटल व्यवसायी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।