दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत विभिन्न गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने के लिए जिला पंचायत की ओर से बनाए गए मोटर और पैदल संपर्क मार्ग भारी बारिश के कारण बंद हो गए हैं। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
दुगड्डा ब्लॉक के अंतर्गत जिला पंचायत के सिमलखेत-धरगांव-सौंटियालधार संपर्क मार्ग, सिलेडी-स्यालगढ़ संपर्क मार्ग, विधायक निधि से बना सौड़-खलपाडी संपर्क मार्ग भारी बारिश के चलते मलबा आने से बंद हो गया हैं। जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी, ग्राम प्रधान वसीम अहमद (धरगांव), वीरेंद्र सिंह (खलपाडी), पूर्व प्रधान संदीप ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष और एई को अवगत कराया गया लेकिन अब तक मलबा नहीं हटाया गया। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। उधर, जिला पंचायत के एई सुदर्शन सिंह रावत का कहना है कि लोनिवि की तरह जिला पंचायत के पास बरसात से बंद सड़क खोलने के लिए जेसीबी अधिग्रहण करने की व्यवस्था नहीं है। मार्ग से मलबा हटाने के लिए जिला पंचायत की बैठक में जिला पंचायत सदस्य भरत सिंह नेगी ने सड़कों की मरम्मत के लिए अलग से बजट का प्रस्ताव रखा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। बरसात के बाद इस मद से सभी मार्गों का मलबा हटा लिया जाएगा।