बीरोंखाल ब्लाक के सस्ता गल्ला डीलरों की बैठक में डीलरों ने जिला पूर्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने समस्याओं का समाधान नहीं होने तक गोदाम से राशन नहीं उठाने की चेतावनी दी।
बुुधवार को दिनकर पोखरियाल की अध्यक्षता में बीरोंखाल में आयोजित बैठक में राशन डीलरों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि ब्लाक के किसी भी क्षेत्र में नेट की सरकारी सुविधा उपलब्ध नहीं है। प्राइवेट नेट चलाने के लिए उन्हें किसी प्रकार नेट और विद्युत बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कई दुकानों में बिजली के कनेक्शन तक नहीं है। ऐसे में दुकानदारों को पहले बिजली का कनेक्शन लेना पड़ेगा, उसके बाद नेट चलाने के लिए खर्चा करना पड़ेगा। विभाग की ओर से डीलरों के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई है। बीरोंखाल ब्लाक में सरकारी गल्ला गोदाम नहीं होने के कारण डीलरों को तीन स्थानों से राशन उठाना पड़ रहा है, जिसके कारण उन्हें ढुलान का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से बीरोंखाल में सरकारी सस्ता गल्ला गोदाम खोलने, डीलरों को नेट चलाने के लिए तीन सौ और बिजली बिल का प्रतिमाह भुगतान करने, राशन ढोने पर वाहन ,मानदेय और गोदाम किराया देेने की मांग की। चेताया कि सभी मांग पूरी नहीं होने तक गोदाम से राशन नहीं उठाया जाएगा।
इस अवसर पर सूरज सिंह, सुभाष, दलीप सिंह, देवेंद्र प्रसाद, मंगल सिंह रावत, ओमपाल सिंह, हर्षपाल सिंह, कुंदन सिंह रावत, उदय सिंह, वीरेंद्र सिंह, अनिल कुमार, अनिल कुमार, धर्मानंद, दिलवर सिंह, भगत सिंह, रणजीत सिंह आदि मौजूद थे।