क्षेत्र में रावण का पुतला दहन के साथ दशहरे का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्रास्टनगंज व कलालघाटी में रावण का पुतला दहन किया गया। दोनों ही स्थानों पर आयोजित दशहरा मेले में लोगों की खूब भीड़ उमड़ी रही। बच्चों ने तरह-तरह झूले व खिलौनों का खूब लुत्फ उठाया।
कोटद्वार के ग्रास्टनगंज में आयोजित दशहरा मेले में श्री रामलीला कमेटी मालवीय उद्यान की ओर से राम व रावण युद्ध का मंचन किया गया। उसके बाद 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले को दहन किया गया। इस मौके पर रामलीला कमेटी आमपड़ाव की ओर से भी ग्रास्टनगंज में रावण का पुतला दहन किया गया।
मेले में विभिन्न प्रकार के झूले दुकानें लगाई गई थीं, जिनका लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
वहीं दूसरी ओर भाबर के कलालघाटी में ओमकारेश्वर रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला मंचन के अंतिम दिन मेघनाद वध, सुलोचना सती, अहिरावण वध और रावण वध का मंचन किया गया। इस मौके पर 40 फीट ऊंचा पुतला दहन किया गया।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी राकेश तिवारी, सीओ जोधराम जोशी, धर्मवीर गुसांई, प्रमोद नैथानी, मदन सिंह रावत, वाणी विलास देवलियाल, सौरभ रावत, जितेंद्र डोबरियाल व राकेश ध्यानी आदि मौजूद रहे।
मुस्लिम परिवार 80 सालों से बना रहा है रावण का पुतला
कोटद्वार के ग्रास्टनगंज व कलालघाटी के लिए नजीबाबाद के रहने वाले मुस्लिम समुदाय के दो भाई कई सालों से दशहरा त्योहार के लिए रावण का पुतला बना रहे हैं। ग्रास्टनगंज में रावण का पुतला बना रहे हबीब उर रहमान (50) ने बताया कि वह पिछले 35 सालों से ग्रास्टनगंज में रावण का पुतला बना रहे हैं।
उनका छोटा भाई शाकिर भी 35 वर्षों से भाबर के कलालघाटी में आयोजित होने वाले दशहरा मेले के लिए रावण का पुतला बना रहा है।
पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
दशहरा पर्व पर पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया और लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों समेत विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र से लोगों से आह्वान किया है कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।