जलभराव ने खोली ड्रेनेज सिस्टम की पोल
नहरें उफान पर आने से कई इलाकों में सड़कों पर भरा पानी
कोटद्वार। बारिश ने नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम की तैयारियों की पोल खोल दी। रविवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। नहरों के ओवरफ्लो होने से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई जबकि शिब्बूनगर समेत कई कॉलोनियों में बारिश का पानी लोगों के घरों में भर गया।
दो दिनों की उमस और भीषण गर्मी के बाद रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम तो सुहावना कर दिया लेकिन शहर की जलनिकासी व्यवस्था की कमजोरियां भी उजागर कर दीं। घराट नहर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल गया। सड़क पर जलभराव होने से पैदल राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही प्रभावित रही। कई दुकानों और मकानों में भी बरसाती पानी घुसने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसाती पानी की निकासी के लिए वे कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही हालात बनते हैं और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
बीईएल रोड और जल निगम स्टोर संपर्क मार्ग पर भी बाढ़ जैसे हालात बन गए। शिब्बूनगर की कई गलियों और कॉलोनियों में जलभराव होने से लोगों के घरों में पानी घुस गया। सिताबपुर चौराहे से मानपुर चौराहे के बीच गांधी कॉलोनी के पास नहर के ओवरफ्लो होने से पानी सड़क पर बहने लगा। इस दौरान पूरे क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। लोगों को घंटों दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने नगर निगम से जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने और स्थायी समाधान करने की मांग की है।