कण्वघाटी (कोटद्वार)। लालढांग-चिल्लरखाल एलिवेटेड मार्ग निर्माण की मांग को लेकर रविवार को भाबर के चिल्लरखाल में 242वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा।
धरना सभा में प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चिल्लरखाल-लालढांग सड़क निर्माण की मांग करते हुए क्षेत्रवासी पिछले आठ महीनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचा चुके हैं, लेकिन जनता को लगातार अनदेखा और अनसुना किया जा रहा है। एलिवेटेड सड़क निर्माण होने से न केवल लोगों का निर्बाध आवागमन शुरू होगा, बल्कि क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा और लोगों के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी।
प्रदर्शनकारियों ने निर्णय लिया कि अब जनता फावड़ा, बेलचा लेकर खुद अपनी सड़क बनाएगी और जनता की अनदेखी करने वाले नेताओं के पुतले हर चौराहे पर फूंकेगी। आने वाले चुनाव में इनका क्षेत्र में बहिष्कार करने का अभियान चलेगा। धरना प्रदर्शन में रवींद्र सौंद, हेमा नेगी, पूर्व सैनिक नरेश धस्माना, गणेश रावत, नरेंद्र सिंह, स्वयंबर सिंह, मधुसूदन नेगी, दीपा अधिकारी, पुष्पा मेहरा सहित कई नागरिक शामिल रहे। संवाद