कोटद्वार। सनेह क्षेत्र में कालागढ़ की अंग्रेजी शराब की दुकान शिफ्ट किए जाने के विरोध में महिलाओं ने शुक्रवार को जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब के ठेके को ग्रामीण अंचल से अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग की। कहा कि शराब की दुकान यदि बहुत जरूरी है तो इसे शहर में खुलवा दें।
समाजसेवी अंजू पुंडीर और महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत के नेतृत्व में सनेह क्षेत्र की महिलाओं ने शुक्रवार को शराब के ठेके के विरोध में जुलूस निकाला और क्षेत्र में पोस्टर चिपकाए। महिलाओं ने कहा कि उन्हें ग्रामीण अंचल में यह ठेका कतई मंजूर नहीं है। इससे क्षेत्र की सड़कों पर स्कूली बच्चों और महिलाओं का चलना मुश्किल हो जाएगा। कहा कि राजस्व के लालच में शासन और प्रशासन क्षेत्र को शराब में डुबो देना चाहता है। इसके साइड इफेक्ट क्षेत्रवासियों को झेलने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि शराब का ठेका हटने तक आंदोलन जारी रहेगा। जुलूस प्रदर्शन में पूर्व प्रधान गमली देवी, शोभा रावत, कमला देवी, सतेश्वरी, डिंपल, मीना, कुसुम नेगी, बीना देवी, अभिलाषा, सुशीला, विमला देवी, सुनीता, ममता, उर्मिला, छोटी देवी, देवेश्वरी, लीला, प्रीति देवी व पूनम देवी आदि मौजूद रहे।
-फोटो