कोटद्वार में यूपी-यूके बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग करते पुलिस के जवान।
- फोटो : KOTDWAR
नए साल का जश्न मनाने के लिए कोटद्वार-लैंसडौन और निकटवर्ती क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों को कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। रिपोर्ट नहीं होने पर आरटीपीसीआर जांच के लिए बॉर्डर पर सैंपल देना और पंजीकरण कराना होगा। इसके साथ ही वे रात दस बजे के बाद किसी तरह की पार्टी नहीं कर सकेंगे। कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बचाव को लेकर कोटद्वार प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश की सीमा कौड़िया चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की गहनता से चेकिंग शुरू कर दी है।
ओमिक्रॉन संक्रमण से बचाव के लिए नए साल के जश्न को लेकर आई नई गाइडलाइन को लेकर बृहस्पतिवार सुबह से यूपी-यूके बॉर्डर पर पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस कर्मियों ने बाहरी राज्य के वाहनों को रोककर उनसे कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट नहीं होने पर उनका सैंपल लेकर पंजीकरण कराया गया। कोतवाल विजय सिंह ने कहा कि ओमिक्रॉन से बचाव के लिए होटल, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट स्वामियों केे नए साल में रात के दस बजे आयोजन समाप्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। 11 बजे के बाद होटल खुला होने और सड़कों पर दिखाई देने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।